[gtranslate]
[gtranslate]

नोएडा में सिस्टम ठेंगे पर! सरकारी संपत्ति पर ‘पोस्टर माफिया’ का कब्जा! RWA ने कहा- अब दोषियों पर हो FIR

नोएडा। सेक्टर-105 रेसिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता को पत्र लिखकर सरकारी विद्युत पैनलों पर अवैध पोस्टर और विज्ञापन चिपकाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ निजी संस्थाएं और व्यावसायिक प्रतिष्ठान प्रचार-प्रसार के लिए सरकारी बिजली पैनलों का खुलेआम दुरुपयोग कर रहे हैं, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है।

पोस्टर हटाने में उखड़ रहा पेंट, तकनीकी संचालन में भी आ रही बाधा

RWA अध्यक्ष के अनुसार, बार-बार पोस्टर चिपकाने और उन्हें हटाने के कारण विद्युत पैनलों का मूल पेंट पूरी तरह खराब हो रहा है। इससे लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति क्षतिग्रस्त हो रही है और सेक्टर की सुंदरता भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि इन संवेदनशील विद्युत पैनलों पर बड़े-बड़े विज्ञापन चिपके होने के कारण बिजली विभाग के कर्मचारियों को फॉल्ट के समय संचालन और रखरखाव में भी परेशानी होती है, जिससे किसी बड़ी तकनीकी दुर्घटना का खतरा पैदा हो सकता है।

तस्वीरें सौंपकर दोषियों की पहचान और FIR दर्ज करने की मांग

दिव्य कृष्णात्रेय ने अपने पत्र के साथ कई तस्वीरें भी संलग्न की हैं, जिनमें विभिन्न शिविरों और व्यावसायिक गतिविधियों के पोस्टर विद्युत पैनलों पर लगे दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने मुख्य अभियंता से मांग की है कि इन विज्ञापनों के आधार पर संबंधित संस्थाओं और व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए तथा भविष्य में सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग को रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

‘सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर हो सख्त कार्रवाई’

RWA ने कहा कि सरकारी संपत्ति पर अवैध पोस्टरबाजी न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह सार्वजनिक संसाधनों को नुकसान पहुंचाने का मामला भी है। संगठन ने विद्युत विभाग से अपील की है कि सभी विद्युत पैनलों की नियमित निगरानी कराई जाए, अवैध पोस्टरों को तत्काल हटाया जाए और दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाए जिससे भविष्य में कोई भी सरकारी संपत्ति को विज्ञापन का माध्यम बनाने की हिम्मत न कर सके।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

नोएडा से 2027 विधानसभा चुनाव कौन जीतेगा?

View Results

Loading ...

आज का राशिफल देखें