नोएडा। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में चर्चा में आई नोएडा की रुचिका सिंह ने शुक्रवार रात एक वीडियो जारी कर देशवासियों से माफी मांगी। वीडियो में उसने कहा कि वह केवल 15 वर्ष की है और दूसरों के प्रभाव में आकर उसने गलत शब्दों का इस्तेमाल किया।
कहा- यह मेरी पहली और आखिरी गलती थी
वीडियो में रुचिका सिंह ने कहा कि वह अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस गई थी, जहां छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। वहां मौजूद कुछ लोगों को प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहते देखकर वह भी उनके प्रभाव में आ गई। उसने स्वीकार किया कि उसके द्वारा कही गई बातें गलत थीं और वह इस पर शर्मिंदा है। साथ ही उसने भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगी।
वीडियो वायरल होने के बाद दर्ज हुई एफआईआर
रुचिका सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता स्मृति सिंह चंदेल ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस जब जांच के लिए सेक्टर-18 स्थित उसके फ्लैट पर पहुंची, तब वह वहां नहीं मिली। मामले की जांच जारी है।
मां ने भी थाने में दिया था माफीनामा
इससे पहले रुचिका की मां ने नोएडा थाने में लिखित माफीनामा देकर बेटी को माफ करने की अपील की थी। बताया जा रहा है कि रुचिका मूल रूप से हरियाणा के फरीदाबाद की रहने वाली है। उसने इसी वर्ष जनवरी में नोएडा में फ्लैट खरीदा था और वह एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है।


