नोएडा। शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उनके मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, नोएडा द्वारा “उड़ान-2026” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नोएडा और आसपास के विभिन्न विद्यालयों के 350 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने स्कूल और परिवार का नाम रोशन किया है।
प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर उनकी उपलब्धियों को सराहा गया। समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों ने भी भाग लिया। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण को सम्मान देना तथा उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था।
युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है विश्वविद्यालय
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने संबोधन में कहा कि महर्षि यूनिवर्सिटी केवल शैक्षणिक शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और व्यक्तित्व निर्माण के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। “उड़ान-2026” जैसे कार्यक्रम छात्रों को उनकी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं और उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करते हैं।
शिक्षकों और प्रिंसिपलों के योगदान को भी मिला सम्मान
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की सफलता के पीछे शिक्षकों और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं और उन्हें शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान एवं नेतृत्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया।


