नोएडा प्राधिकरण में ‘नो रिप्लाई सिस्टम’! निवासियों की शिकायतों पर अफसर मौन, प्राधिकरण की चुप्पी से परेशान RWA; कहा- संवाद नहीं होगा तो समाधान कैसे होगा?

दीप चौधरी ,नोएडा। नोएडा के लाखों निवासियों की समस्याओं को उठाने वाली फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशंस (FONRWA) ने प्राधिकरण के एक वरिष्ठ अधिकारी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। संगठन ने आरोप लगाया है कि बार-बार पत्र और संदेश भेजने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई जवाब नहीं दिया जा रहा, जिससे सेक्टरों की समस्याओं का समाधान प्रभावित हो रहा है।

RWA की शिकायतों पर नहीं मिल रहा जवाब

FONRWA के सेक्रेटरी जनरल के.के. जैन द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि विभिन्न सेक्टरों की समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को समय-समय पर महाप्रबंधक एस.पी. सिंह के संज्ञान में लाया गया, लेकिन न तो उनके कार्यालय से और न ही अधीनस्थ अधिकारियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया प्राप्त हुई।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि नोएडा प्राधिकरण के अधिकांश वरिष्ठ अधिकारी आमतौर पर ऐसे पत्रों और शिकायतों का समयबद्ध जवाब देते हैं, लेकिन इस मामले में लगातार चुप्पी बनी हुई है।

“बिना स्वार्थ समाज सेवा कर रहे हैं RWA पदाधिकारी”

FONRWA ने पत्र में कहा है कि RWA पदाधिकारी किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि समाज सेवा की भावना से काम करते हैं। वे अपने सेक्टरों के निवासियों की समस्याओं को प्राधिकरण तक पहुंचाने और शहर के विकास में सहयोग देने का कार्य करते हैं।

इसके बावजूद यदि उनकी शिकायतों और सुझावों को अनसुना किया जाता है, तो इससे जनता और प्रशासन के बीच संवाद की प्रक्रिया कमजोर होती है।

नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग

FONRWA ने मांग की है कि महाप्रबंधक कार्यालय में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए, जो RWA प्रतिनिधियों के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर सके। संगठन का मानना है कि इससे सेक्टरों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी और प्रशासन तथा निवासियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा।

नोएडा की जनता के सवालों पर कब टूटेगी चुप्पी?

FONRWA के इस पत्र के बाद अब सवाल उठने लगे हैं कि जब शहर के संगठित निवासी मंचों को ही जवाब नहीं मिल रहा, तो आम नागरिकों की शिकायतों का क्या हाल होगा? शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर प्रशासन और नागरिक संगठनों के बीच संवाद की कमी अब एक बड़े मुद्दे के रूप में सामने आ रही है।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें