नोएडा। नोएडा में कांवड़ यात्रा को लेकर गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने विशेष रूट प्लान जारी कर दिया है। प्रभारी डीसीपी यातायात अभय कुमार मिश्र ने बताया कि 11 अगस्त तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। कांवड़ियों की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।
मालवाहक वाहनों के लिए तय किया गया वैकल्पिक मार्ग
यातायात पुलिस के अनुसार गाजियाबाद, बुलंदशहर, हापुड़ और मुरादाबाद की ओर जाने वाले भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से भेजा जाएगा। इससे कांवड़ मार्ग पर वाहनों का दबाव कम रहेगा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
दिल्ली और नोएडा के प्रमुख मार्गों पर रहेगी नई व्यवस्था
चिल्ला रेड लाइट, डीएनडी फ्लाईओवर, बदरपुर बॉर्डर, ओखला बैराज और एमपी-02 एलिवेटेड रोड से आने वाले मालवाहक वाहनों को भी सीधे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के रास्ते ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित रूट का पालन करने की अपील की है।
दादरी, कासना और ताज हाईवे से आने वाले वाहनों के लिए भी निर्देश
अलीगढ़, बुलंदशहर, सिकंदराबाद, दादरी, कासना, परीचौक, एनआईबी, मॉडल टाउन, छिजारसी और ताज हाईवे से गाजियाबाद, दिल्ली, हापुड़ व मुरादाबाद की ओर जाने वाले भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों को भी ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और सिरसा गोलचक्कर के रास्ते भेजा जाएगा। यातायात पुलिस ने कहा कि नियमों का पालन करने से जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होगी।


