
नोएडा। इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस), नोएडा को कौशल आधारित एवं मूल्यपरक शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘एक्सीलेंस इन स्किल-बेस्ड एंड वैल्यू-ड्रिवन लर्निंग’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित होटल ताज पैलेस में आयोजित टाइम्स नाउ एजुकेशन समिट 2026 के दौरान संस्थान को यह सम्मान प्रदान किया गया। आईएमएस की डीन प्रोफेसर डॉ. वर्तिका चतुर्वेदी और लोकेश वशिष्ठ ने संस्थान की ओर से सम्मान ग्रहण किया।
शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान और कौशल पर जोर
सम्मान मिलने पर आईएमएस नोएडा के वाइस प्रेसिडेंट चिराग गुप्ता ने कहा कि आज शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल ज्ञान देना नहीं, बल्कि उस ज्ञान को वास्तविक जीवन में प्रभावी ढंग से लागू करने की क्षमता विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि संस्थान में शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव, कौशल विकास और जीवन-मूल्यों को समान महत्व देने वाला शिक्षण वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जाता है।
तकनीकी दक्षता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर फोकस
लोकेश वशिष्ठ ने बताया कि उत्तर प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष पटेल ने आईएमएस नोएडा को यह सम्मान प्रदान किया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान, कौशल विकास और जीवन-मूल्यों से जोड़ने के प्रयासों की पहचान है। संस्थान बदलती औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यार्थियों को तैयार करने के लिए तकनीकी दक्षता, नेतृत्व क्षमता और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष जोर देता है।
रोजगारपरक कौशल और उद्योग से जुड़ाव के अवसर
आईएमएस की डीन प्रोफेसर डॉ. वर्तिका चतुर्वेदी ने कहा कि संस्थान विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उन्हें रोजगारपरक कौशल, व्यावहारिक प्रशिक्षण, उद्योग जगत से जुड़ाव और व्यक्तित्व विकास के अवसर उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को बदलती औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना और भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाना है। यह सम्मान आईएमएस नोएडा की कौशल आधारित, गुणवत्तापूर्ण एवं मूल्यपरक शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।



