ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित रक्षा एडेला सोसायटी में प्लास्टर गिरने की सूचना सोशल मीडिया पर साझा करना एक निवासी को भारी पड़ गया। सोसायटी की अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) ने संबंधित निवासी को कारण बताओ नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण देने के लिए कहा है।
जानकारी के अनुसार, निवासी ने सोसायटी परिसर में प्लास्टर गिरने की घटना से जुड़ी जानकारी और तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर साझा की थीं। इसके बाद एओए ने इसे सोसायटी की छवि प्रभावित करने वाला कदम मानते हुए नोटिस जारी किया।
एओए की ओर से जारी नोटिस में निवासी से पूछा गया है कि बिना पूर्व सूचना या अनुमति के इस तरह की जानकारी सार्वजनिक मंच पर साझा क्यों की गई। नोटिस में एक सप्ताह के भीतर लिखित जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, इस कार्रवाई को लेकर सोसायटी के निवासियों के बीच चर्चा शुरू हो गई है। कुछ लोगों का कहना है कि सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को सार्वजनिक करना आवश्यक है, जबकि कुछ का मानना है कि ऐसे मामलों का समाधान पहले सोसायटी के आंतरिक स्तर पर किया जाना चाहिए। मामले को लेकर फिलहाल एओए और संबंधित निवासी की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


