नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गौड़ सिटी-1 टाउनशिप के स्टेडियम में सुबह और शाम टहलने पर रोक लगाए जाने के विरोध में शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने मुख्य गेट पर प्रदर्शन किया। लोगों ने स्टेडियम को आम नागरिकों के लिए जल्द खोलने की मांग की।
वॉकिंग ट्रैक के रिनोवेशन का दिया गया हवाला
टाउनशिप के निवासियों अनीता प्रजापति और अमरजीत ने बताया कि प्रबंधन ने 20 जुलाई को नोटिस जारी कर कहा था कि वॉकिंग ट्रैक के रिनोवेशन के चलते करीब दो महीने तक स्टेडियम आम लोगों के लिए बंद रहेगा। इसके बाद से नियमित रूप से टहलने और व्यायाम करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निर्माण कार्य एक हिस्से में, पूरे स्टेडियम पर रोक से नाराजगी
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य केवल स्टेडियम के एक छोटे हिस्से में चल रहा है, जबकि बाकी क्षेत्र में लोगों को सुरक्षित रूप से प्रवेश दिया जा सकता है। उनका आरोप है कि पूरे स्टेडियम को बंद करना उचित नहीं है और इससे हजारों निवासियों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
शुल्क देने के बावजूद प्रवेश बंद, लोगों ने उठाए सवाल
निवासियों का कहना है कि वे स्टेडियम के उपयोग के लिए हर महीने निर्धारित शुल्क का भुगतान करते हैं। इसके बावजूद उन्हें स्टेडियम में प्रवेश से रोक दिया गया है। लोगों ने प्रबंधन से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान भी वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए स्टेडियम का शेष हिस्सा आम लोगों के लिए खोला जाए।


