
नोएडा। शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने ई-सिटी बस सेवा के चार रूटों पर 78 नए बस स्टैंड बनाने और 16 पुराने बस स्टैंड की मरम्मत कराने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत सेक्टरों, मेट्रो स्टेशनों, अस्पतालों, बाजारों और गांवों के आसपास बस स्टैंड विकसित किए जाएंगे। प्राधिकरण ने चारों रूटों के लिए स्थानों की सूची तैयार कर ली है। इस योजना के तहत कुल 94 बस स्टैंड से जुड़े निर्माण और मरम्मत के कार्य प्रस्तावित हैं।

रूट-1 पर 23 नए बस स्टैंड, सेक्टर-137 से पर्थला तक सुविधा
पहले रूट पर सबसे अधिक जरूरत वाले स्थानों को शामिल किया गया है। सेक्टर-137 मेट्रो स्टेशन से पर्थला तक जाने वाले इस रूट पर 23 नए बस स्टैंड बनाए जाएंगे, जबकि एक पुराने स्टैंड की मरम्मत होगी। प्रस्तावित स्थानों में पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर-91 की पार्श्वनाथ सोसाइटी, सेक्टर-98 का शापर स्टॉप, महामाया बालिका इंटर कॉलेज, बॉटेनिकल गार्डन, गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर और होशियारपुर शामिल हैं। इसके अलावा सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन, गांव बसई और सेक्टर-121 स्थित पर्थला के आसपास भी बस स्टैंड बनाने का प्रस्ताव है।
रूट-2 पर 19 नए स्टैंड, नौ पुराने की होगी मरम्मत
सेक्टर-18 से आसपास के गांवों तक बस यात्रियों को बेहतर सुविधा देने की तैयारी है। इस रूट पर 19 नए बस स्टैंड बनाए जाएंगे और नौ पुराने स्टैंड की मरम्मत कराई जाएगी। प्रस्तावित स्थानों में अट्टा और सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-16 का रजनीगंधा, सेक्टर-19 टेलीफोन एक्सचेंज, सेक्टर-12/22 क्रॉसिंग, स्टेडियम-चौड़ा मोड़ क्षेत्र और बॉटेनिकल गार्डन शामिल हैं। इसके अलावा सेक्टर-37, सेक्टर-126 स्थित लोटस वैली, सेक्टर-93 एक्सप्रेसवे, सेक्टर-91 पंचशील, सेक्टर-142 एडवेंट तथा मोहियापुर और बदौली गांवों के आसपास भी बस स्टैंड प्रस्तावित हैं।
रूट-3 और रूट-4 पर भी बनेंगे नए बस स्टैंड
बरौला, भंगेल और औद्योगिक क्षेत्रों सहित कई स्थानों पर बस यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। सेक्टर-61 से बरौला और भंगेल तक जाने वाले रूट-3 पर 23 नए बस स्टैंड बनाए जाएंगे और तीन पुराने की मरम्मत होगी। इसमें सेक्टर-59 का ममूरा, सेक्टर-62 का फोर्टिस अस्पताल और गोलचक्कर, सेक्टर-50 व सेक्टर-101 मेट्रो स्टेशन, सिलिकॉन सिटी, बरौला, भंगेल, नगला और फेज-2 शामिल हैं। वहीं, रूट-4 पर सेक्टर-81 से आसपास के गांवों तक 13 नए बस स्टैंड बनाने और तीन पुराने की मरम्मत का प्रस्ताव है। इसमें हौजरी कॉम्प्लेक्स, ककराला ख्वासपुर, सैमसंग तिराहा, बरौला मोड़, केंद्रीय विहार, सेक्टर-39 जिला अस्पताल, अगाहपुर-लेबर चौक और छलेरा शामिल हैं। प्राधिकरण के महाप्रबंधक सिविल एसपी सिंह के अनुसार, चारों रूटों पर नए बस स्टैंड बनाने और पुराने स्टैंड की मरम्मत का प्रस्ताव तैयार किया गया है।


