
नोएडा।यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार को संवर्धना मदरसन इंटरनेशनल लिमिटेड को आशय पत्र जारी किया गया। कंपनी को सेक्टर-6 और सेक्टर-7 में 150 एकड़ जमीन आवंटित करने के लिए यह आशय पत्र दिया गया है। कंपनी इस परियोजना में करीब 3,491 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

प्राधिकरण अधिकारियों ने कंपनी को सौंपा आशय पत्र
यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह और एसीईओ मनीष मीणा ने कंपनी के अधिकारी को आशय पत्र सौंपा। कंपनी यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े विभिन्न कलपुर्जों का विनिर्माण करेगी। इस परियोजना से क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलने के साथ ऑटोमोबाइल उद्योग से जुड़ी कंपनियों के लिए भी नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
ऑटोमोबाइल से लेकर एयरोस्पेस के कलपुर्जे होंगे तैयार
कंपनी की प्रस्तावित इकाई में वायरिंग हार्नेस, पीवीसी इंसुलेटेड वायर, बाहरी रियर-व्यू मिरर, वाहनों के आंतरिक और बाहरी मिरर सिस्टम, ऑटोमोटिव लाइटिंग सिस्टम, कटिंग टूल्स और एयरोस्पेस कंपोनेंट्स का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा इंजेक्शन मोल्डिंग, उन्नत टूलिंग सॉल्यूशंस और एग्जॉस्ट सिस्टम से जुड़े उत्पाद भी तैयार किए जाएंगे। कंपनी डिजाइन, प्रिसिजन टूलिंग, कलपुर्जों के निर्माण, सब-असेंबली, अंतिम असेंबली और परीक्षण के लिए एकीकृत विनिर्माण इकोसिस्टम विकसित करने की योजना बना रही है।
पांच साल में 15 से 20 हजार रोजगार का लक्ष्य
यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह के अनुसार, कंपनी अपनी समूह कंपनियों के साथ मिलकर लगभग 3,491 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इस परियोजना के माध्यम से अगले पांच वर्षों में करीब 15,000 से 20,000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। परियोजना के धरातल पर उतरने से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और औद्योगिक विकास को भी मजबूती मिलेगी।


