
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित आईएमएस नोएडा में चल रही डिस्ट्रिक्ट प्ले क्रिएटर्स लीग के नॉकआउट मुकाबलों में शनिवार को खिलाड़ियों का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला। मैदान पर आक्रामक खेल, शानदार पासिंग और मजबूत डिफेंस के बीच कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। सबसे ज्यादा चर्चा आईएमएस वॉरियर्स की 10-0 की बड़ी जीत की रही।
आईएमएस वॉरियर्स ने 10 गोल दागकर मचाया धमाल
पहले मुकाबले में आईएमएस वॉरियर्स ने लोको एफसी के खिलाफ शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। टीम के खिलाड़ियों ने लगातार हमले करते हुए गोल पर गोल दागे और आखिरकार 10-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। पूरे मुकाबले में आईएमएस वॉरियर्स का दबदबा बना रहा और लोको एफसी की टीम गोल करने का मौका तलाशती रह गई।
यूजुअल सस्पेक्ट्स और मिगसन चैंपियंस की भी शानदार जीत
दूसरे मुकाबले में यूजुअल सस्पेक्ट्स एफसी और विश्वकर्मा स्पोर्ट्स एफसी के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने आक्रामक फुटबॉल खेली, लेकिन यूजुअल सस्पेक्ट्स एफसी ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 2-1 से जीत हासिल की। वहीं मिगसन चैंपियंस और एरियन्स एफसी के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। दोनों टीमों ने लगातार आक्रमण किए और दर्शकों को गोलों से भरपूर मुकाबला देखने को मिला। अंत में मिगसन चैंपियंस ने 5-3 से मुकाबला अपने नाम किया।
स्टेलरिन एफसी ने 4-0 से दर्ज की क्लीन शीट जीत
सेमीफाइनल के एक अन्य मुकाबले में स्टेलरिन एफसी ने एससी दिल्ली क्रिएटर्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-0 से जीत दर्ज की। स्टेलरिन एफसी ने पूरे मैच में गेंद पर बेहतर नियंत्रण बनाए रखा और विपक्षी टीम को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया। नॉकआउट मुकाबलों के इन नतीजों के बाद लीग का रोमांच और बढ़ गया है। अब सभी टीमों की नजरें अगले चरण में बेहतर प्रदर्शन करते हुए खिताब की ओर बढ़ने पर टिकी हैं।


