
नोएडा। सेक्टर-12 स्थित रामलीला मैदान में रविवार को श्री बजरंग रामलीला संचालिका ट्रस्ट की ओर से आगामी रामलीला मंचन के लिए विधि-विधान से भूमि पूजन और हवन किया गया। हवन-पूजन में शामिल अतिथियों और समिति के पदाधिकारियों ने भगवान श्रीराम से रामलीला के सफल आयोजन और शहरवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। भूमि पूजन के साथ ही रामलीला मैदान में आयोजन की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो गया।
11 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक होगा रामलीला का मंचन
समिति की ओर से बताया गया कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी 11 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक भव्य रामलीला का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर रामलीला मैदान में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। दर्शकों के लिए मंच, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। समिति का कहना है कि आयोजन को व्यवस्थित और दर्शकों के लिए सुविधाजनक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
“रामलीला हमारी संस्कृति और संस्कारों का हिस्सा”
कार्यक्रम में एनसीएफ की कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजभूषण की पुत्री शालिनी सिंह ने कहा कि रामलीला सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
श्री बजरंग रामलीला संचालिका समिति के निर्देशक अशोक कुमार पाण्डेय ने कहा कि भूमि पूजन के साथ इस वर्ष की रामलीला की तैयारियां शुरू हो गई हैं। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भव्य और व्यवस्थित आयोजन की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना समिति का उद्देश्य है।
विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोग पहुंचे
कार्यक्रम में कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय लोकदल के महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र, पूर्व महानगर अध्यक्ष दीपक विग, फिरे सिंह नागर, ललित अवाना, विक्रम चौधरी, पुरुषोत्तम नागर, संदीप सिसोदिया, राहुल पाण्डेय, सुरोजीत दासगुप्ता, कैप्टन पीएस रावत, मुकेश शर्मा, रेखा गुप्ता, नीता, अरुणाचलम, नवीन, समाजवादी पार्टी के नेता गौरव सिंघल, विक्रम सेठी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस मौके पर समिति के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, निर्देशक अशोक कुमार पाण्डेय, गुरुदयाल विज, कमलाकर त्रिपाठी, पद्माकर त्रिपाठी, गुड्डू पाण्डेय, लीओ संदल, विनय जोशी, बंधु त्रिपाठी, अनुराग गोविल और हरिशंकर त्रिपाठी समेत समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों का स्वागत किया गया और आगामी रामलीला आयोजन को सफल बनाने को लेकर तैयारियों पर चर्चा हुई।


