नोएडा। यमुना प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में निवेश को लेकर फिनलैंड की कंपनी ने रुचि दिखाई है। फिनलैंड की आप्टिनोवा एशिया पैसिफिक कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को यीडा अधिकारियों के साथ बैठक की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में औद्योगिक निवेश से जुड़ी नीतियों, इंफ्रास्ट्रक्चर और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

सेक्टर-28 के मेडिकल डिवाइस पार्क पर हुई चर्चा
सीईओ राकेश कुमार सिंह और एसीईओ शैलेंद्र भाटिया के साथ हुई बैठक में सेक्टर-28 में विकसित हो रहे प्रदेश के पहले मेडिकल डिवाइस पार्क में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने पार्क में उद्योगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और निवेश के अवसरों को समझा।
मेडिकल डिवाइस पार्क का अधिकारियों ने दिया प्रस्तुतीकरण
बैठक के दौरान एसीईओ शैलेंद्र भाटिया ने प्रतिनिधिमंडल के समक्ष मेडिकल डिवाइस पार्क को लेकर प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें पार्क में विकसित किए जा रहे औद्योगिक इकोसिस्टम, बुनियादी ढांचे और उद्योगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने निवेश के लिहाज से क्षेत्र की संभावनाओं से भी प्रतिनिधिमंडल को अवगत कराया।
औद्योगिक भूखंड और निवेश की संभावनाओं की ली जानकारी
यीडा अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को औद्योगिक भूखंडों की उपलब्धता और निवेश की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। बैठक को फिनलैंड की कंपनी के लिए यीडा क्षेत्र में संभावित निवेश की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। मेडिकल डिवाइस पार्क में निवेश से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


