नोएडा। शहर में खरीदारी और खान-पान के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-38ए और सेक्टर-18 में दो आधुनिक स्ट्रीट मार्केट शुरू करने जा रहा है। इन बाजारों को इंदौर की प्रसिद्ध ’56 दुकान’ की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। खास बात यह है कि इन्हें 24 घंटे और सातों दिन यानी 24/7 संचालित करने पर विचार किया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस और जिला प्रशासन के साथ जल्द अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

सेक्टर-38ए में 19 क्योस्क तैयार
सेक्टर-38ए में बोटेनिकल गार्डन और जीआईपी मॉल के बीच 19 क्योस्क तैयार किए गए हैं। यहां लोगों को खान-पान और खरीदारी से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। बाजार को आधुनिक स्वरूप देने के साथ लोगों के लिए सुविधाजनक माहौल तैयार किया जा रहा है।
सेक्टर-18 में 15 क्योस्क किए गए स्थापित
सेक्टर-18 में मार्केट के पास 15 क्योस्क स्थापित किए जा चुके हैं। इन क्योस्क के जरिए अलग-अलग तरह के खाद्य पदार्थ और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। बाजार शुरू होने के बाद आसपास के लोगों और शहर में आने वाले लोगों को एक नया विकल्प मिलेगा।
2.23 करोड़ रुपये खर्च, 100 से ज्यादा वाहनों की पार्किंग
दोनों स्ट्रीट मार्केट की परियोजना पर नोएडा प्राधिकरण ने करीब 2.23 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। यहां आने वाले लोगों की सुविधा के लिए 100 से अधिक वाहनों की सरफेस पार्किंग भी विकसित की जा रही है। 24/7 संचालन की अनुमति मिलने के बाद ये बाजार नोएडा में देर रात तक खरीदारी और खान-पान के लिए प्रमुख आकर्षण बन सकते हैं।


