नोएडा। ग्राम नंगली साखपुर स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय के आसपास कूड़े के ढेर और गंदे पानी की समस्या बनी हुई है। विद्यालय की दीवार से सटे क्षेत्र में बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा जमा है, जबकि गंदा पानी भी लंबे समय से जमा और बहता दिखाई देता है।
स्कूल परिसर तक पहुंच रहा गंदा पानी
स्थानीय संगठन नोएडा विलेज रेजिडेंट्स एसोसिएशन (नोवरा) का आरोप है कि गंदा पानी कई बार विद्यालय परिसर तक पहुंच जाता है। ऐसे माहौल में छोटे बच्चों का रोजाना स्कूल आना और पढ़ाई करना चिंता का विषय है। संगठन ने इसके लिए नोएडा प्राधिकरण को जिम्मेदार ठहराया है।
नोवरा ने प्राधिकरण पर लगाया लापरवाही का आरोप
नोवरा के अध्यक्ष डॉ. रंजन तोमर ने कहा कि विद्यालय के पास कूड़ा जमा होना, गंदे पानी की निकासी नहीं होना और पानी का स्कूल परिसर तक पहुंचना लगातार जारी समस्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह नोएडा प्राधिकरण की प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।
बारिश में बढ़ जाती है जलभराव की समस्या
डॉ. तोमर के अनुसार विद्यालय अपेक्षाकृत नीची भूमि पर स्थित है। बरसात के दौरान यहां जलभराव की समस्या और गंभीर हो जाती है। स्कूल के कमरों में पानी टपकने जैसी स्थिति भी उत्पन्न होती है। इसके बावजूद प्रभावी जलनिकासी और नियमित सफाई की व्यवस्था नहीं की गई है।


