नोएडा।सेक्टर-63 स्थित छिजारसी, औद्योगिक सेक्टर फेज-2, एमपी-3 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर आने-जाने वाले लोगों को पर्थला गोलचक्कर के नीचे रोजाना जाम का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नोएडा प्राधिकरण ने पर्थला चौक पर छह लेन का अंडरपास बनाने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर परियोजना को मिली सैद्धांतिक मंजूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। करीब 85.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अंडरपास को 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
एफएनजी कॉरिडोर पर सुगम होगा वाहनों का आवागमन
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके अरोड़ा के मुताबिक अंडरपास बनने के बाद फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (एफएनजी) कॉरिडोर पर यातायात सुगम होगा। इससे पर्थला चौक पर वाहनों के रुकने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है। यह चौक एफएनजी कॉरिडोर और विकास मार्ग का महत्वपूर्ण जंक्शन है।
छह लेन के अंडरपास में होंगी तीन-तीन लेन
प्रस्तावित अंडरपास की कुल लंबाई करीब 710 मीटर होगी। इसमें दोनों दिशाओं में तीन-तीन लेन बनाई जाएंगी। अंडरपास में 110 मीटर लंबा आरसीसी बाक्स, 20 मीटर का खुला हिस्सा और दोनों तरफ 280-280 मीटर लंबे पहुंच मार्ग शामिल होंगे।


