नोएडा।एफएनजी विहार गढ़ी चौखंडी में प्लाट पर कब्जे के विवाद को लेकर भाजपा नोएडा महाराणा प्रताप मंडल अध्यक्ष दीनबंधु कुमार ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके परिवार के नाम दर्ज प्लाट पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है।
विरोध करने पर भाई से मारपीट का आरोप
शिकायत के मुताबिक प्लाट पर कब्जे का विरोध करने पर दीनबंधु कुमार के भाई वीरेंद्र भगत के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शिकायतकर्ता के अनुसार परिवार ने प्लाट वीरेंद्र भगत के नाम पर लिया था, लेकिन तैयब नामक व्यक्ति ने उस पर कब्जा कर लिया।
चौकी इंचार्ज पर भी लगाए गंभीर आरोप
दीनबंधु कुमार ने शिकायत में आरोप लगाया है कि चौकी इंचार्ज अंकित तंवर ने उन्हें थाने में बैठाकर प्लाट पर कब्जा कराने में मदद की। उनका कहना है कि मामले की शिकायत थाने में देने के बावजूद शुरुआत में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
एडीसीपी से शिकायत के बाद जांच के आदेश
थाना स्तर से कार्रवाई नहीं होने पर परिवार ने एडीसीपी से शिकायत की। इसके बाद मामले में जांच के आदेश दिए गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच के दौरान थाना स्तर से प्लाट पर गलत तरीके से कब्जा किए जाने की बात सामने आई।


