नोएडा।गौतमबुद्ध नगर को हाईटेक जिला कहा जाता है और अब यह जिला अंतरिक्ष के क्षेत्र में महिला सशक्तीकरण की मिसाल पेश करने जा रहा है। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में चल रहे नौ दिवसीय मिशन शक्तिसैट कार्यक्रम में भारत समेत 108 देशों की 1200 छात्राएं मिलकर दो सेटेलाइट तैयार कर रही हैं।
श्रीहरिकोटा से लॉन्च होगा शक्तिसैट-लियो
मिशन के तहत तैयार किए जा रहे दो सेटेलाइट में से एक शक्तिसैट-लियो (लो अर्थ आर्बिट) होगा। इसे श्रीहरिकोटा से अंतरिक्ष में लॉन्च किया जाएगा। इस परियोजना में छात्राओं को सेटेलाइट निर्माण और अंतरिक्ष तकनीक से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है।
शक्तिसैट-मून चांद की कक्षा तक पहुंचेगा
दूसरे सेटेलाइट का नाम शक्तिसैट-मून रखा गया है। इसे जापान की निजी अंतरिक्ष कंपनी आई-स्पेस के माध्यम से चांद के लिए लॉन्च किया जाएगा। इस मिशन के जरिए छात्राओं को अंतरिक्ष अनुसंधान और चंद्र मिशन की तकनीक को करीब से समझने का अवसर मिल रहा है।
61 देशों की 142 छात्राएं कैंपस में मौजूद
विश्वविद्यालय परिसर में रविवार से शुरू हुए कार्यक्रम में देश-विदेश की छात्राओं का संगम देखने को मिल रहा है। 108 देशों में से 61 देशों की 142 छात्राएं गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के कैंपस में पहुंची हैं, जबकि अन्य देशों की छात्राएं ऑनलाइन माध्यम से मिशन से जुड़ी हैं।


