गोविंदा यादव, नोएडा। नोएडा के गढ़ी चौखंडी स्थित FNG विहार में एक प्लॉट विवाद अब गंभीर आरोपों के साथ तूल पकड़ता जा रहा है। BJP नोएडा मंडल अध्यक्ष दीनबंधु कुमार ने मुख्यमंत्री तक अपनी शिकायत पहुंचाते हुए पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि उनके परिवार के नाम लिए गए एक प्लॉट पर कब्जा कर लिया गया और विरोध करने पर उनके भाई के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।
प्रेस विज्ञप्ति में दीनबंधु कुमार ने दावा किया है कि उनके परिवार ने FNG विहार, गढ़ी चौखंडी में अपने भाई वीरेंद्र भगत के नाम पर प्लॉट लिया था। उनके अनुसार, प्लॉट पर कब्जे के मामले में उस समय चौकी इंचार्ज अंकित नरवार के जरिए थाने में शिकायत की गई, लेकिन उन्हें तत्काल न्याय नहीं मिला।

‘प्लॉट पर बैठे थे, तभी गुंडे भेजकर हमला कराया’
BJP मंडल अध्यक्ष का आरोप है कि उनका भाई एक दिन प्लॉट पर बैठा था, तभी कुछ लोगों ने कथित तौर पर वहां पहुंचकर उसे धमकाया और लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। शिकायतकर्ता के मुताबिक, हमले में उनके भाई के दोनों हाथ टूट गए और उसे जान से मारने की कोशिश भी की गई।
मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया, लेकिन परिवार का आरोप है कि बाद में उन्हें बताया गया कि मामले में गंभीर धाराएं लगाई जाएंगी। दीनबंधु कुमार का दावा है कि करीब दो महीने बीत जाने के बावजूद न तो FIR की स्थिति स्पष्ट की जा रही है और न ही आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है।
थाना, ACP से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक शिकायत… फिर भी कार्रवाई का इंतजार?
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि परिवार ने मामले की शिकायत स्थानीय थाने के अलावा ADCP स्तर तक भी की। शिकायतकर्ता का कहना है कि जांच के आदेश दिए गए और SHO को जांच सौंपी गई, लेकिन इसके बावजूद परिवार को अपेक्षित कार्रवाई नहीं मिली।
BJP मंडल अध्यक्ष ने दावा किया कि उन्होंने मामले की जानकारी अपने स्तर से कई वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
‘एक सप्ताह बाद आत्मदाह करूंगा’
मामले को और गंभीर बनाते हुए दीनबंधु कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति में चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो एक सप्ताह बाद आत्मदाह करने का कदम उठाएंगे और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन पर होगी।


