नोएडा। समकालीन कलाकार तान्या खुराना की बहुप्रतीक्षित एकल कला प्रदर्शनी ‘अबव द फर्मामेंट्स’ का औपचारिक उद्घाटन 10 अगस्त को नई दिल्ली स्थित त्रिवेणी कला संगम की त्रिवेणी गैलरी में हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन शिरडी से सांसद भाऊसाहब वाकचौरे और नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने संयुक्त रूप से किया। यह प्रदर्शनी 18 अगस्त 2026 तक आम जनता के लिए खुली रहेगी।
हिग्स बोसॉन की अवधारणा से प्रेरित है प्रदर्शनी
उद्घाटन के अवसर पर सांसद भाऊसाहब वाकचौरे ने कहा कि यह प्रदर्शनी ब्रह्मांड, चेतना, विज्ञान और आध्यात्मिकता के गहरे संबंधों की खोज करती है। हिग्स बोसॉन यानी ‘गॉड पार्टिकल’ की अवधारणा से प्रेरित होकर तान्या खुराना ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से उन अदृश्य शक्तियों को अभिव्यक्त किया है, जो पदार्थ, प्रकृति और मानव चेतना को आपस में जोड़ती हैं।
स्याही, ऐक्रेलिक और लेजर-कट कैनवस से उकेरी ब्रह्मांडीय दुनिया
प्रदर्शनी में तान्या खुराना ने स्याही, ऐक्रेलिक, ऑयल और लेजर-कट कैनवस जैसी प्रायोगिक मिश्रित तकनीकों का इस्तेमाल किया है। उनकी कलाकृतियां दर्शकों को खगोलीय तारामंडल, आणविक संरचनाओं और जैविक पैटर्न के माध्यम से एक गहन एवं ध्यानपूर्ण अनुभव कराती हैं। इन कृतियों में विज्ञान और कल्पना का अनूठा मेल दिखाई देता है।
विज्ञान, दर्शन और कला के संगम को दर्शाती हैं तान्या की कृतियां
वर्ष 1999 से कला के क्षेत्र में सक्रिय तान्या खुराना ने भारत और विदेश की कई प्रतिष्ठित कला दीर्घाओं में अपनी पहचान बनाई है। कलाकार के अनुसार, उनकी कलाकृतियां अस्तित्व के उस अदृश्य ढांचे का चिंतन हैं, जहां विज्ञान और आध्यात्मिकता का मिलन होता है। नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने प्रदर्शनी को पारंपरिक सीमाओं से परे विज्ञान, दर्शन और कला का अनूठा संगम बताया। इस अवसर पर संदीप अरोड़ा, विभा अरोड़ा, हेमंतजी, सुनीता, लीलाधर और दीप चौधरी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


