नोएडा।ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र में एक जीएसटी सलाहकार से कार सवार बदमाशों ने धमकाकर 29 लाख रुपये की फिरौती वसूल ली। तीन आरोपितों में से एक ने पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। पीड़ित घर से अपने पालतू कुत्ते को सैलून की दुकान पर ले जाने के लिए निकला था, तभी रास्ते में बदमाशों ने उसकी कार रोक ली।
शिकायत मिलने का झांसा देकर कोतवाली ले जाने की बात कही
बदमाशों ने पीड़ित को उसके नाम शिकायत मिलने का झांसा दिया और कोतवाली चलने की बात कही। इसके बाद आरोपित उसी की कार में उसे बैठाकर अपने साथ ले गए। पीड़ित को शक न हो, इसके लिए एक बदमाश पुलिस की वर्दी में था। आरोपितों ने रास्ते में उसे डराते-धमकाते हुए कई स्थानों पर घुमाया।
छह घंटे तक एनकाउंटर की धमकी देकर मांगे रुपये
आरोपितों ने असलहों के बल पर पीड़ित को जानमाल की धमकी दी। उसे नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से लेकर यमुना एक्सप्रेसवे तक करीब छह घंटे तक घुमाया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस से एनकाउंटर कराने समेत अन्य गंभीर धमकियां देकर पीड़ित पर दबाव बनाया और उससे फिरौती की रकम मांगी।
बड़े भाई से दिलवाए 29 लाख, रकम मिलते ही फरार हुए बदमाश
डर के कारण पीड़ित ने अपने बड़े भाई को फोन किया और बदमाशों के बताए स्थान पर रकम पहुंचाने को कहा। बड़े भाई ने वहां पहुंचकर चौथे बदमाश को 29 लाख रुपये दिए। रकम मिलने के बाद आरोपितों ने पीड़ित को छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। मामले का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की पांच टीमें जांच में जुटी हैं।


