[gtranslate]
[gtranslate]

ग्रेटर नोएडा के बिसरख को मिलेगा पहला कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, बेटियों की शिक्षा को मिलेगी नई उड़ान

ग्रेटर नोएडा के बिसरख ब्लॉक में वर्षों से लंबित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की मांग अब पूरी होने की ओर बढ़ रही है। जमीन की समस्या सुलझने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने मकौड़ा गांव में कक्षा 6 से 12 तक के आवासीय विद्यालय के निर्माण के लिए दो एकड़ जमीन का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है।

10 करोड़ की लागत से बनेगा विद्यालय, 200 छात्राओं को मिलेगा लाभ

करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस विद्यालय में 200 छात्राओं के लिए पढ़ाई और रहने की सुविधा उपलब्ध होगी। यह बिसरख ब्लॉक का पहला कस्तूरबा विद्यालय होगा, जहां छात्राएं कक्षा 6 से 12 तक आवासीय व्यवस्था के साथ शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी।

अब दूसरे ब्लॉकों में नहीं जाना पड़ेगा

अब तक बिसरख ब्लॉक की छात्राओं को पढ़ाई के लिए दादरी, दनकौर और जेवर के कस्तूरबा विद्यालयों का रुख करना पड़ता था। दूरी और आवागमन की कठिनाइयों के कारण कई छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होती थी। नए विद्यालय के बनने से स्थानीय छात्राओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शिक्षा का अवसर मिलेगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा विद्यालय

विद्यालय में छात्राओं के लिए आवासीय सुविधा के साथ आधुनिक कक्षाएं, पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, खेलकूद की सुविधाएं और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ समग्र विकास का अवसर मिलेगा।

ग्रामीण बेटियों की शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

खंड शिक्षा अधिकारी बिसरख चंद्रभूषण ने बताया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आवासीय सुविधा से दूर-दराज के गांवों की बेटियां बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकेंगी और यह विद्यालय बालिका शिक्षा को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

नोएडा से 2027 विधानसभा चुनाव कौन जीतेगा?

View Results

Loading ...

आज का राशिफल देखें