[gtranslate]
[gtranslate]

निवेश सलाहकार बनकर साइबर ठगों ने दो लोगों को लगाया 44 लाख का चूना

नोएडा। क्रिप्टो करेंसी और शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर साइबर जालसाजों ने महिला समेत दो लोगों से करीब 44 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने व्हाट्सएप और टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क कर खुद को निवेश सलाहकार बताया और कम समय में रकम दोगुनी करने का दावा किया। जब पीड़ितों ने अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपियों ने संपर्क तोड़ दिया। दोनों मामलों में सेक्टर-36 साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर महिला से 21 लाख की ठगी

सेक्टर-107 स्थित लोटस-300 सोसायटी में रहने वाली एक निजी कंपनी की कर्मचारी को टेलीग्राम पर वर्क फ्रॉम होम और क्रिप्टो निवेश से जुड़े ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप के सदस्य खुद को निवेश कंपनी का प्रतिनिधि बताते थे और फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाकर भरोसा जीतते थे। उनके झांसे में आकर महिला ने अलग-अलग किस्तों में 20.92 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में आरोपियों ने पैसे लौटाने के बजाय और रकम जमा करने का दबाव बनाया। ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई।

विदेशी शेयर बाजार में निवेश का लालच देकर 23 लाख ठगे

दूसरे मामले में ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गैलेक्सी नॉर्थ एवेन्यू-1 सोसायटी के निवासी एक व्यक्ति को व्हाट्सएप पर विदेशी शेयर बाजार में निवेश का प्रस्ताव दिया गया। अधिक मुनाफे के लालच में उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों में 23.06 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलते ही आरोपियों ने अपने मोबाइल नंबर बंद कर दिए। इसके बाद पीड़ित ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच शुरू

डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से जुड़े बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजैक्शन का रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

नोएडा से 2027 विधानसभा चुनाव कौन जीतेगा?

View Results

Loading ...

आज का राशिफल देखें