नोएडा। सेक्टर-51 मार्केट के पास कार सवार डॉक्टर के साथ बाइक सवार दो युवकों ने मारपीट की। आरोप है कि गलत दिशा से आ रहे बाइक सवारों ने पहले कार में टक्कर मारी और विरोध करने पर डॉक्टर के साथ हाथापाई कर दी।
डॉक्टर को पीटा, कार का शीशा भी क्षतिग्रस्त
सेक्टर-49 थाना पुलिस के अनुसार, सेक्टर-51 निवासी डॉ. करन माथुर ने शिकायत में बताया कि आठ जुलाई को वह अपनी कार से सी-ब्लॉक मार्केट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से गलत दिशा में आ रहे दो युवकों की बाइक उनकी कार से टकरा गई।
विरोध करने पर की मारपीट
डॉ. माथुर का आरोप है कि टक्कर का विरोध करने पर दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। जाते समय आरोपियों ने कार का साइड मिरर भी तोड़ दिया और मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से होगी आरोपियों की पहचान
सेक्टर-49 थाना प्रभारी राम प्रकाश शर्मा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


