ग्रेटर नोएडा। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण की समय-सारिणी जारी कर दी है। परीक्षा केंद्र बनने के इच्छुक विद्यालयों को 20 जुलाई तक अपनी आधारभूत सुविधाओं और अवस्थापना संबंधी विवरण परिषद के पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करना होगा। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
तीन अगस्त तक होगा भौतिक सत्यापन
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन मिलने के बाद जिलाधिकारी की ओर से गठित तहसील स्तरीय समिति तीन अगस्त तक विद्यालयों का भौतिक सत्यापन करेगी। सत्यापित रिपोर्ट 10 अगस्त तक परिषद के पोर्टल पर अपलोड की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी होगी।
17 अगस्त को आएगी संभावित केंद्रों की सूची
परिषद की ओर से 17 अगस्त को संभावित परीक्षा केंद्रों की पहली सूची जारी की जाएगी। इस सूची पर छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य और प्रबंधक 22 अगस्त तक ऑनलाइन आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण एक सितंबर तक किया जाएगा।
18 सितंबर को जारी होगी अंतिम सूची
आपत्तियों के निस्तारण के बाद सात सितंबर को संशोधित परीक्षा केंद्र सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 14 सितंबर तक अंतिम आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 18 सितंबर को बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।


