नोएडा में युवराज की मौत से सबक नहीं लेने वाले नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही के चलते एक और इंजीनियर असमय मौत के मुंह में समा गया। इस बार विद्युत विभाग की कार्यशैली पर भी सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। बृहस्पतिवार सुबह सेक्टर-58 ए ब्लॉक में जलभराव के बीच सड़क किनारे नाले की स्लैब पर चलकर पैदल फैक्ट्री जा रहे इंजीनियर आर्यन बिजली के खंभे में उतर रहे करंट की चपेट में आ गए।
करंट लगते ही नाले में गिरे इंजीनियर
करंट लगने के कारण आर्यन का संतुलन बिगड़ गया। लबालब भरे नाले के ऊपर स्लैब होने का अंदाजा नहीं लग सका और वह करीब तीन फुट गहरे नाले में गिर पड़े। जलभराव और करंट के कारण आसपास मौजूद लोग भी तुरंत उनकी मदद नहीं कर सके।
राहगीरों और सहकर्मी ने किया बचाव, अस्पताल में तोड़ा दम
कुछ देर तक बाहर नहीं आने पर राहगीरों और उनके सहकर्मियों ने किसी तरह उन्हें नाले से बाहर निकाला और मौके पर सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
स्वजन ने प्राधिकरण और बिजली विभाग पर लगाए आरोप
घटना के बाद स्वजन ने नोएडा प्राधिकरण और विद्युत निगम के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जलभराव और बिजली के खंभे में करंट उतरने जैसी खतरनाक स्थिति के बावजूद समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण एक और युवक की जान चली गई।


