नोएडा। नोएडा में भाजपा मंडल अध्यक्ष पर थार गाड़ी चढ़ाने की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जमीन दिखाने के लिए बुलाया गया था
जानकारी के अनुसार, सरफाबाद निवासी रामकिशन यादव भाजपा के मंडल अध्यक्ष हैं। उनके परिचित गौरव ने उन्हें जमीन दिखाने के लिए सेक्टर-74 स्थित रोसेला फार्म हाउस के पास बुलाया था। दोनों जमीन का निरीक्षण कर रहे थे, तभी वहां एक थार वाहन पहुंचा।
थार से कुचलने की कोशिश का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि गांव निवासी सुभाष यादव थार गाड़ी लेकर मौके पर आया और उन्हें वाहन से कुचलने की कोशिश की। किसी तरह उन्होंने स्वयं को बचाया। आरोप है कि इसके बाद सुभाष यादव ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना के बाद रामकिशन यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


