नोएडा। सेक्टर-20 थाना क्षेत्र के सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में शनिवार देर रात एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य भी एकत्र किए।
आत्महत्या की आशंका, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है। घटना की सच्चाई का पता लगाने के लिए पार्किंग परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
थाना पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मानसिक अवसाद से जूझ रही थीं महिला
मृतका की पहचान सेक्टर-29 निवासी सीतू तलवार के रूप में हुई है। उनके पति मोहित तलवार भारतीय वायुसेना में विंग कमांडर के पद से सेवानिवृत्त हैं। परिजनों के अनुसार, सीतू तलवार पिछले करीब 20 वर्षों से मानसिक अवसाद का उपचार करा रही थीं और पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थीं। परिवार की ओर से फिलहाल कोई शिकायत नहीं दी गई है। उनके परिवार में पति और 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक बेटी है।


