नोएडा:राष्ट्र सेविका समिति के प्रवीण वर्ग का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद राष्ट्र सेविका समिति की कार्यकर्ता एवं नोएडा सिटीजन फोरम की कार्यकारी अध्यक्षा शालिनी सिंह ने वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी से भी उनकी आत्मीय मुलाकात हुई।
राष्ट्र निर्माण और महिला सशक्तिकरण पर हुई सार्थक चर्चा
भेंट के दौरान राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र सेविका समिति के माध्यम से समाज में संस्कार, सेवा तथा राष्ट्रभक्ति के मूल्यों के प्रसार जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। सभी ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया।
कलराज मिश्र ने सेविकाओं को दिया राष्ट्रसेवा का संदेश
पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि राष्ट्र सेविका समिति केवल व्यक्तित्व निर्माण का मंच नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का भी एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्गों से प्राप्त अनुशासन, सेवा भावना और संस्कारों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक सेविका की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित और समाजसेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण से मिली सीख को समाजहित में करेंगी उपयोग : शालिनी सिंह
शालिनी सिंह ने कहा कि प्रवीण वर्ग के प्रशिक्षण ने उन्हें संगठन, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा के अनेक महत्वपूर्ण आयामों को समझने का अवसर दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान, संस्कार और अनुभव का उपयोग वह नोएडा सहित व्यापक समाज के हित में करेंगी तथा सेवा, समर्पण और राष्ट्रभावना के साथ सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाती रहेंगी।


