नोएडा। 12वीं की परीक्षाएं समाप्त होने और गर्मियों की छुट्टियां शुरू होते ही सेक्टर-12 स्थित डिस्ट्रिक्ट लाइब्रेरी छात्रों के लिए पढ़ाई का प्रमुख केंद्र बन गई है। बीते कुछ दिनों में यहां 29 से अधिक नए विद्यार्थियों ने सदस्यता ली है, जिसके बाद लाइब्रेरी के कुल सदस्यों की संख्या बढ़कर 252 हो गई है। खास बात यह है कि पिछले तीन से चार महीनों से लगातार बड़ी संख्या में छात्र लाइब्रेरी से जुड़ रहे हैं।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध हैं जरूरी किताबें
लाइब्रेरी इंचार्ज ने बताया कि अप्रैल 2011 में सेक्टर-12 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में इस पुस्तकालय की शुरुआत की गई थी। यहां यूपीएससी, जेईई, नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित किताबें उपलब्ध हैं उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी में एनसीईआरटी की पुस्तकों के अलावा विभिन्न विषयों की रेफरेंस बुक्स और प्रसिद्ध लेखकों की किताबें भी छात्रों के लिए उपलब्ध कराई गई हैं।
सरकारी नौकरियों में चयन से बढ़ा छात्रों का भरोसा
सीमा गुप्ता ने बताया कि पिछले एक साल में यहां अध्ययन करने वाले कई छात्रों का चयन सरकारी नौकरियों में हुआ है। इसी वजह से छात्रों का पुस्तकालय के प्रति भरोसा लगातार बढ़ रहा है।
डिजिटल दौर में भी बढ़ रहा पुस्तकालयों का महत्व
उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में भी युवाओं का पुस्तकालयों की ओर बढ़ता रुझान एक सकारात्मक संकेत है। शांत वातावरण और बेहतर अध्ययन सामग्री के कारण छात्र यहां पढ़ाई करना पसंद कर रहे हैं।






