नोएडा के सेक्टर-39 में एक महिला के साथ ऑनलाइन गेम के जरिए दोस्ती कर लाखों रुपये की ठगी और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। साइबर अपराधी ने पहले महिला की बड़ी बहन से दोस्ती की और धीरे-धीरे परिवार की पूरी जानकारी जुटा ली। इसके बाद आरोपी ने धमकियां देकर रुपये वसूलने शुरू कर दिए।
20 लाख की मांग, खाते से ट्रांसफर कराए 10 लाख
पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2023 में उनकी बड़ी बहन की पहचान ऑनलाइन गेम के जरिए विकास कुमार नाम के युवक से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने परिवार से जुड़ी निजी जानकारी हासिल कर ली। आरोप है कि 2024 में उसने 20 लाख रुपये की मांग की। रकम देने से इनकार करने पर आरोपी ने धमकियां देना शुरू कर दिया और दिसंबर में डराकर करीब 10 लाख रुपये खाते से ट्रांसफर करा लिए।
कोर्ट और पुलिस की मदद से लौटे 8.45 लाख रुपये
मामले की शिकायत के बाद पुलिस और कोर्ट की मदद से पीड़िता को 8.45 लाख रुपये वापस भी मिल गए। लेकिन इसके बाद आरोपी ने बदला लेने की नीयत से पीड़िता और उनके परिवार को लगातार परेशान करना शुरू कर दिया।
पति-बेटी की जानकारी वायरल कर दी धमकी
आरोप है कि शातिर ने पीड़िता के पति, बेटी और गाड़ी नंबर जैसी निजी जानकारी इंटरनेट मीडिया पर वायरल करनी शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने आपत्तिजनक फोटो और संदेश प्रसारित करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, हत्या, यौन हिंसा और बच्चे को नुकसान पहुंचाने जैसी धमकियों से परिवार को मानसिक तनाव में डाल दिया।
फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर किया परेशान
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट और चैट भी वायरल कर दीं। बड़ी बहन की मदद करने पर आरोपी अब उन्हें भी निशाना बना रहा है। उनका मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर डाल दिया गया, जिसके बाद लगातार अनजान नंबरों से कॉल आ रही हैं।
साइबर पुलिस जांच में जुटी
नोएडा साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया






