ग्रेटर नोएडा के जारचा कोतवाली क्षेत्र स्थित सैंथली गांव में मोबाइल फोन पर गंदी गालियां देने का विरोध करने पर युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सैंथली गांव निवासी अभिषेक ने शिकायत दर्ज कराई कि 14 मई को उनके भाई संदीप के मोबाइल फोन पर गांव के ही नकुल ने गंदी-गंदी गालियां दीं। जब इसका विरोध किया गया तो आरोप है कि नकुल ने अपने साथियों रविंद्र, जितेंद्र और महेंद्र के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान युवक को गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जारचा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।






