ग्रेटर नोएडा। गंगा लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण का रास्ता अब लगभग साफ हो गया है। यमुना प्राधिकरण (यीडा) ने परियोजना के लिए 78 प्रतिशत जमीन खरीद का कार्य पूरा कर लिया है। प्राधिकरण का दावा है कि शेष जमीन की खरीद भी इसी माह के अंत तक पूरी कर ली जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने का मार्ग प्रशस्त होगा।
यमुना एक्सप्रेसवे से गंगा एक्सप्रेसवे तक बनेगा लिंक
गंगा लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण यमुना एक्सप्रेसवे की ओर से शुरू होकर गंगा एक्सप्रेसवे तक किया जाएगा। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) भी इस परियोजना के लिए लगभग 52 प्रतिशत भूमि का अधिग्रहण कर चुका है। दोनों एजेंसियां मिलकर परियोजना को तेजी से आगे बढ़ा रही हैं।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिलेगा सीधा संपर्क
प्रदेश सरकार ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के उद्देश्य से गंगा लिंक एक्सप्रेसवे की योजना तैयार की है। 74.3 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का करीब 20 किलोमीटर हिस्सा यीडा के अधिसूचित क्षेत्र से होकर गुजरेगा। सेक्टर-21 के पास इंटरचेंज बनाकर इसे यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।
भूमि अधिग्रहण अंतिम चरण में, 1209 करोड़ रुपये आवंटित
यीडा को अपने अधिसूचित क्षेत्र में 225 हेक्टेयर जमीन खरीदने का लक्ष्य दिया गया था, जिसके लिए प्रदेश सरकार ने 1209 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। प्राधिकरण अब तक 78 प्रतिशत भूमि का अधिग्रहण पूरा कर चुका है और अधिकारियों का कहना है कि शेष भूमि की खरीद भी जल्द पूरी कर ली जाएगी, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित समय पर शुरू किया जा सके।


