ग्रेटर नोएडा । हाल ही में ग्रेटर नोएडा के चर्चित दीपिका नगर हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। महिला सुरक्षा और घरेलू उत्पीड़न को लेकर उठे सवालों के बीच अब इकोटेक-3 क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का एक और मामला सामने आया है, जहां एक गर्भवती विवाहिता ने पति समेत पांच लोगों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
दहेज में कार और सोने की अंगूठियों की मांग का आरोप
इकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र के वेदपुरा गांव निवासी चंचल ने पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि उसकी शादी 23 अप्रैल 2025 को हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र स्थित बड्ढा गांव निवासी रितिक के साथ हुई थी। पीड़िता के मुताबिक शादी में करीब 40 लाख रुपये खर्च किए गए थे और दान-दहेज में घर का सामान, जेवरात समेत काफी सामग्री दी गई थी।
आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति रितिक, सास सरोज, ननद मीनू और खुशी तथा मामा जयदीप और हरदीप दहेज से खुश नहीं थे। सभी ने मिलकर चार पहिया गाड़ी और मौसी के लिए सोने की दो अंगूठियों की मांग शुरू कर दी।
मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना
पीड़िता का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाने लगा। गर्भवती होने के बावजूद उसे लगातार प्रताड़ित किया गया।
चंचल ने बताया कि 23 अक्तूबर 2025 को उसका पति उसे मायके छोड़ गया और कहा कि जब तक दहेज की मांग पूरी नहीं होगी, तब तक वह ससुराल वापस नहीं आएगी।
पंचायत के दौरान घर पर ताला लगाकर फरार हुए आरोपी
पीड़िता के अनुसार परिवार ने मामले को सुलझाने के लिए कई बार प्रयास किए। 8 मार्च 2026 को मायके पक्ष के लोग पंचायत करने ससुराल पहुंचे, लेकिन आरोपित परिवार घर पर ताला लगाकर फरार हो गया। इसके बाद 3 अप्रैल 2026 को दोबारा ससुराल पहुंचने पर भी पति और सास ने दरवाजा नहीं खोला।
गर्भवती महिला की सुध तक नहीं ले रहा पति
इकोटेक-3 कोतवाली प्रभारी ने बताया कि महिला गर्भवती है और पति उसकी कोई देखभाल नहीं कर रहा है। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






