नोएडा। शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने शहर के दो लोगों से करीब 37 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने डब्बा ब्रोकर एप पर फर्जी मुनाफे का ग्राफ दिखाकर पीड़ितों का भरोसा जीता, लेकिन रकम निकालने के समय संपर्क तोड़ दिया।
साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई शिकायत
ठगी का अहसास होने पर एक पीड़ित ने शुक्रवार को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुट गई है।
टेलीग्राम पर भेजा संदेश, मुनाफे का दिया लालच
सेक्टर-24 निवासी रवि प्रसाद सक्सेना एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और शेयर बाजार में निवेश करते हैं। 24 मार्च 2025 को उन्हें टेलीग्राम पर अजीत खुराना नाम से संदेश मिला। बातचीत के दौरान आरोपी ने घर बैठे अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया।
फर्जी एप पर निवेश कराकर जीता भरोसा
आरोपी के कहने पर रवि ने डब्बा ब्रोकर एप पर पंजीकरण कराया और शुरुआत में छोटी-छोटी रकम निवेश की। एप पर लगातार मुनाफा दिखाकर ठगों ने उनका विश्वास जीत लिया। बाद में बड़ी रकम निवेश कराने के बाद निकासी का विकल्प बंद कर संपर्क समाप्त कर दिया।


