नोएडा। उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, लखनऊ, गोरखपुर और मुरादाबाद सहित पांच जिलों की 10 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं में कुल 1412.55 करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश होगा और 1632 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों का विकास किया जाएगा। यह मंजूरी यूपी रेरा मुख्यालय में आयोजित 207वीं प्राधिकरण बैठक में दी गई, जिसकी अध्यक्षता प्राधिकरण अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने की।
निवेश के मामले में गाजियाबाद सबसे आगे
इन स्वीकृत परियोजनाओं में निवेश के लिहाज से गाजियाबाद पहले स्थान पर रहा। यहां दो परियोजनाओं—एक आवासीय और एक व्यावसायिक—को मंजूरी मिली है। इन दोनों परियोजनाओं में कुल 957.20 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है और इनके तहत 625 नई इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
गौतमबुद्ध नगर में बनेंगी सबसे ज्यादा व्यावसायिक इकाइयां
इकाइयों की संख्या के आधार पर गौतमबुद्ध नगर सबसे आगे रहा। जिले में तीन नई व्यावसायिक परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, जिनमें 281.64 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इन परियोजनाओं के माध्यम से कुल 680 व्यावसायिक इकाइयों का विकास किया जाएगा।
लखनऊ, गोरखपुर और मुरादाबाद को भी मिली मंजूरी
लखनऊ में तीन परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है, जिनमें दो आवासीय और एक व्यावसायिक परियोजना शामिल है। इन पर 26.57 करोड़ रुपये का निवेश होगा और 215 इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। वहीं, गोरखपुर में 144.09 करोड़ रुपये की लागत वाली एक मिश्रित (मिक्स्ड-यूज) परियोजना को मंजूरी मिली है, जिसमें 69 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयां विकसित की जाएंगी। मुरादाबाद में भी स्वीकृत परियोजनाओं के माध्यम से रियल एस्टेट विकास को गति मिलने की उम्मीद है।


