नोएडा। सेक्टर-51 के सी-ब्लॉक पार्क में भारतीय योग संस्थान द्वारा आयोजित पांच दिवसीय निःशुल्क मोटापा रोग निवारण शिविर का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। शिविर में 70 से अधिक साधकों ने भाग लेकर योग, स्वस्थ जीवनशैली और मोटापा नियंत्रण के उपायों की जानकारी प्राप्त की।
योग के जरिए स्वस्थ जीवन का संदेश
समापन समारोह के मुख्य अतिथि सेक्टर-51 आरडब्ल्यूए के सचिव संजीव कुमार रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में भारतीय योग संस्थान दिल्ली प्रांत-2 की संगठन मंत्री भूपेन्द्र कौर तथा नोएडा जिला-3 के जिला मंत्री सरबजीत सिंह मौजूद रहे। शिविर का आयोजन नोएडा जिला-1 के प्रधान हीरा सिंह बिष्ट और जोनल मंत्री हेमा नकरा के मार्गदर्शन में किया गया।
मोटापे के कारणों और बचाव पर हुई चर्चा
शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने मोटापा बढ़ने के प्रमुख कारणों, उसके दुष्प्रभावों और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि असंतुलित खान-पान, अनियमित दिनचर्या और शारीरिक गतिविधियों की कमी मोटापे की बड़ी वजह हैं। उन्होंने नियमित योगाभ्यास, संतुलित आहार और अनुशासित जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया।
योगासनों का कराया गया अभ्यास
मुख्य अतिथि संजीव कुमार ने क्षेत्रवासियों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। वहीं भूपेन्द्र कौर ने साधकों को विभिन्न योगासनों और शवासन का अभ्यास कराया। नोएडा जिला-1 के प्रधान हीरा सिंह बिष्ट ने ध्यान और निष्काम कर्म की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मानसिक संतुलन और सकारात्मक सोच भी मोटापा नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जन्मदिवस भी मनाया गया
कार्यक्रम के दौरान भारतीय योग संस्थान की परंपरा के अनुसार भूपेन्द्र कौर और सरबजीत सिंह का जन्मदिन वैदिक मंत्रोच्चार और शुभकामनाओं के साथ मनाया गया। उपस्थित साधकों ने दोनों को जन्मदिवस की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
तुलसी का पौधा देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम का संचालन हेमा नकरा ने किया। इस अवसर पर संजीव कुमार, अरविंद शर्मा (सी-ब्लॉक अध्यक्ष एवं आरडब्ल्यूए सदस्य), भूपेन्द्र कौर और सरबजीत सिंह को तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया।
योग को जीवन का हिस्सा बनाने का लिया संकल्प
शिविर के समापन पर सभी साधकों ने प्रतिदिन कम से कम एक घंटा योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ एवं निरोगी जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने भारतीय योग संस्थान के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।






