ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित जुनेदपुर गांव में मिलावटी मिठाई खाने से एक महिला और उसका सात वर्षीय पोता फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। दोनों की हालत बिगड़ने पर उन्हें दनकौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार ने शनिवार को पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग से शिकायत की है।
मिठाई खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
पीड़ित गौरव ने बताया कि बृहस्पतिवार रात उनके बेटे का जन्मदिन था। इस मौके पर उन्होंने गांव के पास स्थित एक मिष्ठान भंडार से मिठाई खरीदी थी। परिवार के सभी लोगों ने मिठाई खाई, लेकिन शुक्रवार शाम उनकी मां सुरेश और सात वर्षीय बेटे यजुर्व को अचानक उल्टी और दस्त शुरू हो गए। हालत बिगड़ने पर दोनों को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मिलावटी मिठाई बेचने का लगाया आरोप
परिजनों का कहना है कि चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि खराब गुणवत्ता और मिलावट वाली मिठाई खाने से दोनों की तबीयत बिगड़ी। परिवार ने दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मिठाई के नमूनों की जांच कराने की भी मांग की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने त्योहारों और पारिवारिक आयोजनों के दौरान मिठाइयों की नियमित गुणवत्ता जांच कराने की मांग उठाई है। दनकौर पुलिस का कहना है कि शिकायत मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग की रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


