
ग्रेटर नोएडा । ग्रेटर नोएडा में विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन किया गया। माय भारत गौतमबुद्धनगर की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर पक्ष और विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। भाषण प्रतियोगिता के दौरान युवाओं ने इस व्यवस्था के संवैधानिक, लोकतांत्रिक और व्यावहारिक पहलुओं पर तर्क रखे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. सुशील कुमार, माय भारत गौतमबुद्धनगर के उप निदेशक शिवेंद्र सिंह और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गौरव कुमार मौजूद रहे।

कुलपति ने भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों पर दिया जोर
कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और व्यावहारिक ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि युवा संसद जैसे मंच विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनमें लोकतांत्रिक चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं को प्रशासनिक व्यवस्था समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल ने किया प्रतिभागियों का मूल्यांकन
माय भारत गौतमबुद्धनगर के उप निदेशक शिवेंद्र सिंह ने युवाओं को सुशासन और नीति निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने में युवा संसद की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि आज के युवा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार हैं। प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल बनाया गया था। इसमें गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की डॉ. रितिका जोशी और सृजना जायसवाल, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के डॉ. प्रीतीश कुमार, दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. पवन सिंह तथा अमर उजाला के ब्यूरो चीफ अतुल भारद्वाज शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की विषय संबंधी समझ, तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और आत्मविश्वास के आधार पर मूल्यांकन किया।
धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के समापन पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. सुशील कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। आयोजन को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना के डॉ. गौरव कुमार, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. भास्वती बनर्जी, प्रीतेश मिश्रा, दिनेश शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने योगदान दिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझने और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर मिला।


