नोएडा प्राधिकरण की अधिसूचित और कब्जा प्राप्त जमीन पर अवैध निर्माण कराने का मामला शनिवार को प्राधिकरण के शीर्ष अधिकारियों के संज्ञान में आया। आरोप है कि वर्क सर्किल-9 के अवर अभियंता निशांत त्यागी अपने दो सुपरवाइजर के साथ रोहिल्लापुर गांव के खसरा संख्या-4 स्थित 1917.03 वर्ग मीटर भूमि पर अतिक्रमण कराने में सहयोग कर रहे थे।
ग्रामीणों ने कई बार जताई आपत्ति
आरोप है कि अवर अभियंता पिछले कई दिनों से मौके पर मौजूद रहकर अवैध निर्माण कार्य को तेजी से पूरा कराने में मदद कर रहे थे। स्थानीय ग्रामीणों ने इस पर कई बार आपत्ति जताई, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।
वरिष्ठ प्रबंधक ने दिए निर्माण रोकने के निर्देश
जब वर्क सर्किल-9 के वरिष्ठ प्रबंधक अनिल मोराल को मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने अवर अभियंता निशांत त्यागी को फटकार लगाते हुए तत्काल निर्माण कार्य रुकवाने के निर्देश दिए।
निर्माण रुकवाने को लेकर भ्रम की स्थिति
आरोप है कि वरिष्ठ प्रबंधक के निर्देश के बाद भी अवर अभियंता ने उन्हें यह कहकर गुमराह किया कि निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। मामले को लेकर प्राधिकरण के उच्च अधिकारियों के स्तर पर जांच और आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।


