ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक इको विलेज-3 सोसाइटी में पेयजल संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है। सोमवार को भी सोसाइटी के चार टावरों में दोपहर के समय अचानक पानी खत्म हो गया, जिसके बाद हजारों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लगातार कई दिनों से पानी के कम प्रेशर और अनियमित सप्लाई से निवासी नाराज हैं और अब उन्होंने प्रदेश सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है।
दोपहर में बंद हुई पानी की सप्लाई
सोसाइटी निवासी अभिषेक ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे चार टावरों में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई। शिकायत के बाद मेंटेनेंस टीम की ओर से मैसेज जारी कर बताया गया कि प्राधिकरण की तरफ से पर्याप्त जलापूर्ति नहीं होने के कारण अंडरग्राउंड टैंक खाली हो गए हैं।
12 दिनों से कम प्रेशर की समस्या
निवासी मृत्युंजय कुमार के अनुसार, सोसाइटी के 11 टावरों में करीब 1800 परिवार रहते हैं और पिछले 12 दिनों से लोग पानी के कम प्रेशर की समस्या झेल रहे हैं। सुबह-शाम जरूरत के समय पानी नहीं मिलने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। कई फ्लैटों में मोटर चलाने के बावजूद पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा।
बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कत
निवासियों का कहना है कि पानी की किल्लत का सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों पर पड़ रहा है। लोगों को पीने के पानी से लेकर रोजमर्रा के कामों तक के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। कई परिवारों को बाजार से पानी मंगवाने तक की नौबत आ गई है।
प्राधिकरण ने कहा- समस्या का समाधान कराया जाएगा
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार ने कहा कि सोसाइटी को नियमित रूप से पानी की सप्लाई दी जा रही है। यदि कहीं तकनीकी समस्या है तो उसकी जांच कर समाधान कराया जाएगा।






