ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में सोमवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जनपंचायत कार्यक्रम आयोजित किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की मौजूदगी में डेरी मच्छा और गिरधरपुर गांव में हुई जनपंचायत के दौरान भाजपा सरकार की नीतियों को लेकर जमकर निशाना साधा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि भाजपा सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद से भाजपा जनता को झूठे वादों और प्रचार के जरिए गुमराह कर रही है।
“महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर”
सुधीर भाटी ने कहा कि प्रदेश और देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने दावा किया कि आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है, जबकि सरकार वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है।
उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी नियंत्रण दिखाई नहीं देता।
“समाज को बांटने की राजनीति हो रही”
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है और उनके हिस्से के अवसर छीने जा रहे हैं।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
जनपंचायत कार्यक्रम में सुरेंद्र नागर, जगवीर नंबरदार, अनिल नागर, भुरे चंदीला, मनोज नागर, रोहित मत्ते गुर्जर, देवेंद्र भाटी, सुमित पंडित, जगदीश सैन, सुशील नागर, अनूप तिवारी और आसिफ अल्वी समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।






