नोएडा में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक कांवड़ यात्रा के दौरान 334 किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्गों पर बोल बम की गूंज सुनाई देगी। इस दौरान जिले की सड़कों पर भगवा रंग की छटा दिखाई देगी। यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
14 कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम
पुलिस प्रशासन ने जिले के 14 निर्धारित कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष प्रबंध किए हैं। यात्रा के दौरान कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियां की गई हैं।
तीन हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की जिम्मेदारी
कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। हुड़दंग करने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। रूट डायवर्जन के दौरान भी पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी।
जिले को 60 सेक्टरों में बांटकर होगी निगरानी
एडीसीपी कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि जिले से 275 जत्थे कांवड़ लेने जाएंगे। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 334 किलोमीटर लंबे 14 कांवड़ मार्गों को तीन जोन, 20 सबजोन और 60 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, ताकि यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।


