नोएडा। फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन्स (फोनरवा) ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी, नोएडा प्राधिकरण को पत्र लिखकर मांग की है कि मकान, फ्लैट एवं भूखंडों के स्वामित्व हस्तांतरण (Transfer Memorandum) की प्रक्रिया में संबंधित रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) को अनिवार्य किया जाए।

बिना जानकारी के हो रहे ट्रांसफर से बढ़ रही हैं समस्याएं
फोनरवा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कई बार संपत्ति का ट्रांसफर संबंधित आरडब्ल्यूए को जानकारी दिए बिना हो जाता है। इससे मेंटेनेंस शुल्क एवं अन्य बकाया देयताओं के निस्तारण, नए स्वामी के रिकॉर्ड अपडेट करने तथा सुरक्षा संबंधी औपचारिकताओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि आरडब्ल्यूए की एनओसी अनिवार्य होने से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि संपत्ति पर कोई बकाया लंबित न हो और नए स्वामी का विवरण समय पर आरडब्ल्यूए के अभिलेखों में दर्ज हो सके।
पारदर्शिता बढ़ेगी, भ्रष्टाचार पर लगेगा अंकुश
फोनरवा के महासचिव के.के. जैन ने कहा कि इस व्यवस्था से संपत्ति हस्तांतरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुव्यवस्थित बनेगी। इससे अनावश्यक मानवीय विवेकाधिकार (Discretion) कम होगा, जिसके कारण भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी की संभावनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। साथ ही संपत्ति से जुड़े विवादों में कमी आएगी और निवासियों के हितों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
जनहित में जल्द नीति बनाने की मांग
फोनरवा ने नोएडा प्राधिकरण से आग्रह किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र आवश्यक नीति बनाई जाए और Transfer Memorandum जारी करने से पहले संबंधित RWA की NOC को अनिवार्य दस्तावेज के रूप में शामिल किया जाए। संगठन का कहना है कि इससे नोएडा में संपत्ति हस्तांतरण व्यवस्था अधिक प्रभावी, पारदर्शी और विवाद-मुक्त बन सकेगी।


