देहरादून/नोएडा। प्रख्यात अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज, पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित स्वर्गीय जसपाल राणा की त्रयोदशी संस्कार एवं श्रद्धांजलि सभा में देशभर से खेल, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। भारतीय निशानेबाजी को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाने वाले जसपाल राणा ने अपने करियर में अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था। उनके निधन को खेल जगत की अपूरणीय क्षति मानते हुए श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
इस अवसर पर नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी एवं वरिष्ठ पत्रकार दीप चौधरी देहरादून स्थित उनके आवास पहुंचे और स्वर्गीय जसपाल राणा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। दोनों ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति
नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने कहा कि जसपाल राणा केवल एक महान खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि युवा खिलाड़ियों के प्रेरणास्रोत और भारतीय खेल जगत की अमूल्य धरोहर थे। वहीं दीप चौधरी ने कहा कि उनके योगदान को देश हमेशा याद रखेगा और आने वाली पीढ़ियां उनसे प्रेरणा लेती रहेंगी।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय जसपाल राणा के जीवन, उपलब्धियों और भारतीय खेलों में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उनकी स्मृतियां हमेशा देशवासियों और खेल प्रेमियों के दिलों में जीवित रहेंगी।


