नोएडा। नोएडा के आवासीय सेक्टरों में गलत और अव्यवस्थित पार्किंग अब गंभीर जनसुरक्षा का मुद्दा बनती जा रही है। कन्फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (CONRWA) के नोएडा चैप्टर ने इस संबंध में नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि अधिकांश सेक्टरों में वाहन इस तरह खड़े किए जा रहे हैं कि उनका बड़ा हिस्सा सड़क पर रहता है, जिससे सड़कें संकरी हो रही हैं और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आपात स्थिति में बढ़ रहा खतरा
CONRWA ने अपने पत्र में चेतावनी दी है कि गलत पार्किंग के कारण कई सेक्टरों में एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों का प्रवेश मुश्किल हो गया है। संगठन के अनुसार किसी भी हादसे, आग लगने या स्वास्थ्य आपातकाल की स्थिति में मदद पहुंचने में देरी जान-माल के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। संस्था का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं।
पीली लाइन और भारी जुर्माने का सुझाव
समस्या के समाधान के लिए CONRWA ने सभी आवासीय सेक्टरों की आंतरिक सड़कों के किनारे पीली पट्टी (येलो लाइन) अंकित करने का सुझाव दिया है। संस्था का कहना है कि वाहनों को निर्धारित सीमा के भीतर ही खड़ा करना अनिवार्य किया जाए। यदि कोई वाहन पीली पट्टी से बाहर या सड़क पर अतिक्रमण करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ भारी जुर्माना लगाया जाए। साथ ही नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान चलाकर व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए।
पुलिस और प्राधिकरण से त्वरित कार्रवाई की मांग
CONRWA के अध्यक्ष डॉ. पी.एस. जैन, संयोजक बी.बी. वलेचा, महासचिव राजीव गर्ग और सचिव लोकेश कश्यप ने कहा कि यह केवल ट्रैफिक की समस्या नहीं बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा का मुद्दा है। संगठन ने पत्र की प्रति पुलिस आयुक्त गौतमबुद्ध नगर को भी भेजी है और पुलिस विभाग से भी तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि नोएडा जैसे आधुनिक शहर में पार्किंग अराजकता को अब और नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।


