नोएडा के सेक्टर-105 आरडब्ल्यूए को मिला अनुभवी कोषाध्यक्ष, सुरेश बंसल को सौंपी वित्तीय जिम्मेदारी

नोएडा। सेक्टर-105 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) की कार्यकारिणी समिति ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं सॉफ्टवेयर उद्यमी सुरेश बंसल को संस्था का नया कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पूर्व कोषाध्यक्ष करन मनोचा के त्यागपत्र के बाद रिक्त हुए पद को भरने के लिए आरडब्ल्यूए संविधान के प्रावधानों के तहत सर्वसम्मति से की गई।

चार दशक से सामाजिक और वित्तीय प्रबंधन का अनुभव

सेक्टर-105 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने बताया कि सुरेश बंसल के लंबे सामाजिक अनुभव, वित्तीय विशेषज्ञता और समाज सेवा में सक्रिय योगदान को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंजाब के बठिंडा के प्रतिष्ठित व्यवसायिक परिवार से संबंध रखने वाले बंसल ने वर्ष 1981 में चार्टर्ड अकाउंटेंसी की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वर्तमान में वह एक सफल सॉफ्टवेयर कंपनी का संचालन कर रहे हैं और सेक्टर-105 के ए-127 आवास में निवास कर रहे हैं।

रोटरी क्लब और आवासीय प्रबंधन में निभा चुके हैं अहम भूमिकाएं

सुरेश बंसल पिछले 40 वर्षों से अधिक समय से रोटरी क्लब से जुड़े हुए हैं। वह रोटरी क्लब बठिंडा के सचिव, रोटरी क्लब ऑफ नोएडा के अध्यक्ष तथा हाल ही में रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली ओखला सिटी के अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा, सेक्टर-105 में आने से पहले वह सेक्टर-29 स्थित महावीर अपार्टमेंट्स की एक्जीक्यूटिव कमेटी के सदस्य रहे, जहां उन्होंने करीब 330 परिवारों की आवासीय व्यवस्थाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पारदर्शी वित्तीय प्रबंधन की उम्मीद

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने विश्वास जताया कि सुरेश बंसल के कोषाध्यक्ष बनने से सेक्टर-105 के वित्तीय प्रबंधन में और अधिक पारदर्शिता, जवाबदेही और मजबूती आएगी। उन्होंने कहा कि उनके व्यापक संगठनात्मक अनुभव का लाभ सेक्टर के विकास कार्यों और निवासियों को मिलेगा। आरडब्ल्यूए की पूरी कार्यकारिणी एवं सेक्टरवासियों ने सुरेश बंसल का स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

क्या आपको लगता है कि बॉलीवुड ड्रग्स केस में और भी कई बड़े सितारों के नाम सामने आएंगे?

View Results

Loading ... Loading ...

आज का राशिफल देखें