नोएडा।नोएडा सेक्टर-70 स्थित फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन के दिव्यांग बच्चों ने शुक्रवार को केंद्रीय राज्य मंत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मंत्री बीएल वर्मा के दिल्ली स्थित आवास पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने पारंपरिक फूल-मालाओं के बजाय अपने हाथों से तैयार किए गए उपहार भेंट कर मंत्री का दिल जीत लिया।
रचनात्मक उपहारों ने किया प्रभावित
बच्चों ने मंत्री को लिप पेन आर्ट, हस्तनिर्मित सुंदर फूल, हैंडवॉश तथा एक विशेष मैगजीन भेंट की। इन उपहारों में बच्चों की रचनात्मकता, मेहनत और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। इस अवसर पर बच्चों के अभिभावक, फाउंडेशन की टीम तथा डॉ. महिपाल सिंह भी उपस्थित रहे। फाउंडेशन की टीम ने कहा कि बीएल वर्मा का दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके मार्गदर्शन से सेवा कार्यों को नई दिशा मिल रही है।
मंत्री ने बच्चों का बढ़ाया उत्साह
केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने सभी बच्चों को स्नेहपूर्वक गले लगाया, उनकी पीठ थपथपाई और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल समाज को अधिक संवेदनशील और समावेशी बनाती है। उन्होंने बच्चों की मेहनत और रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बच्चों के साथ बिताया यादगार समय
कार्यक्रम के दौरान भावुक और आत्मीय माहौल देखने को मिला। मंत्री बीएल वर्मा ने फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन के बच्चों को अपने आवास पर आमंत्रित किया, उनके साथ काफी समय बिताया और बच्चों के साथ भोजन भी किया। इस आत्मीय मुलाकात ने बच्चों के चेहरे पर खुशी की मुस्कान बिखेर दी और सभी के लिए यह पल यादगार बन गया।


