नोएडा। महिला उन्नति संस्था एवं सावित्री बाई फुले शिक्षा केंद्र, सेक्टर-44 के नेतृत्व में रक्षाबंधन का पावन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाली छात्राओं ने स्नेहपूर्वक छात्रों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह के इस पवित्र पर्व को मनाया।
भाई होने का फर्ज निभाने का लिया संकल्प
राखी बांधने के दौरान छात्राओं ने छात्रों को भाई होने के फर्ज और जिम्मेदारियों का महत्व भी बताया। कार्यक्रम में बच्चों ने भाई-बहन के प्रेम और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।
रेनू बाला शर्मा ने बच्चों को बताया रक्षाबंधन का महत्व
कार्यक्रम का नेतृत्व महिला उन्नति संस्था की अध्यक्ष एवं शिक्षा केंद्र की संचालिका श्रीमती रेनू बाला शर्मा ने किया। उन्होंने सभी बच्चों और उपस्थित लोगों को रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल कच्चे धागे का त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के स्नेह, प्रेम और विश्वास के अटूट बंधन का प्रतीक है।
आपसी प्रेम और एकता बनाए रखने का दिया संदेश
रेनू बाला शर्मा ने बच्चों को रक्षाबंधन पर्व का महत्व समझाते हुए बताया कि इस दिन भाई अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेता है। उन्होंने सभी बच्चों को आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों के बीच मिठाई और उपहार भी वितरित किए गए।


