नोएडा। विश्व जैन संगठन नोएडा के प्रतिनिधिमंडल ने सिटी मजिस्ट्रेट गौतमबुद्ध नगर अरविंद मिश्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजा है। संगठन ने आगामी 25 सितंबर 2026 को अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर मांस विक्रय की दुकानों एवं पशुवधशालाओं को बंद रखने की मांग की है।
अनंत चतुर्दशी जैन समाज का अत्यंत पवित्र पर्व: के.के. जैन
विश्व जैन संगठन नोएडा के अध्यक्ष के.के. जैन ने कहा कि अनंत चतुर्दशी जैन समाज का अत्यंत पवित्र पर्व है। इस दिन जैन धर्मावलंबी उपवास, तप, साधना, स्वाध्याय और धार्मिक आराधना करते हैं। उन्होंने कहा कि जैन धर्म में अहिंसा को सर्वोच्च धर्म माना गया है और जीव मात्र के प्रति दया एवं करुणा इसकी मूल भावना है।
धार्मिक भावनाओं के सम्मान में मांस विक्रय बंद रखने की मांग
संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस पवित्र अवसर पर मांस विक्रय एवं पशुवध से संबंधित गतिविधियां संचालित होने से समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। इसलिए विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी अनंत चतुर्दशी के दिन उत्तर प्रदेश के नगर निगम क्षेत्रों में मांस विक्रय की दुकानों एवं पशुवधशालाओं को बंद रखने के लिए आवश्यक आदेश जारी किए जाने चाहिए।
सामाजिक सौहार्द और अहिंसा को बढ़ावा देने की अपील
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस प्रकार का निर्णय किसी वर्ग के विरोध में नहीं, बल्कि धार्मिक भावनाओं के सम्मान, अहिंसा की भावना और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। संगठन ने मुख्यमंत्री से जैन समाज की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए इस संबंध में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।


